
सूरत, 22मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने कपडा व्यापारियों से पेट्रोल बचत की अपील की है एवं पेट्रोल बचत के लिये व्यापारियो को कुछ उपाय भी सुझाये है।
फोस्टा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति मे कैलाश हाकिम ने कहा है कि देश वर्तमान समय में विभिन्न वैश्विक परिस्थितियों एवं चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक एवं व्यापारी का यह दायित्व बनता है कि वह देश की प्रगति एवं संसाधनों की बचत में अपना सकारात्मक योगदान दे।
इसी भावना के साथ फोस्टा द्वारा सूरत के कपड़ा व्यापारियों से अपील की जातू है कि जो व्यापारी भाई एक ही बिल्डिंग, मार्केट, सोसायटी अथवा आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन रिंग रोड एवं सारोली मार्केट आते हैं, वे “अल्टरनेट वाहन व्यवस्था” अथवा “सामूहिक वाहन उपयोग” को अपनाने का प्रयास करें।
विशेष रूप से फोर व्हीलर वाहन से आने वाले व्यापारी भाई अपने आसपास के व्यापारियों से संपर्क कर अथवा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संदेश देकर सुविधा अनुसार 4-5-6 व्यक्तियों को एक साथ लेकर मार्केट आने की व्यवस्था करें। इस छोटी सी पहल से पेट्रोल एवं डीज़ल की बचत होगी, ट्रैफिक नियंत्रण में सहायता मिलेगी, पार्किंग की समस्या कम होगी, पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा तथा समय एवं खर्च दोनों की बचत संभव होगी। साथ ही व्यापारियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग एवं स्नेह भी बढ़ेगा।














