कैट टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी ने अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी एवं एयर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता देने की मांग की

सूरत, 27 मई। CAIT टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को एक विस्तृत प्रतिनिधित्व सौंपकर “विकसित भारत 2047”, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTA), PM MITRA, मेक इन इंडिया एवं PM गति शक्ति जैसे राष्ट्रीय विजन को मजबूत करने हेतु सूरत की अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी, एयर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।

यह प्रतिनिधित्व CAIT टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें सूरत को देश के सबसे बड़े सिंथेटिक टेक्सटाइल, MMF (मैन मेड फाइबर), गारमेंट एवं डायमंड एक्सपोर्ट हब के रूप में उल्लेखित किया गया।

प्रतिनिधित्व में कहा गया कि सूरत देश के सबसे बड़े औद्योगिक एवं निर्यात केंद्रों में शामिल होने के बावजूद आज भी पर्याप्त अंतरराष्ट्रीय उड़ान सुविधाओं एवं आधुनिक एयर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर से वंचित है। व्यापारियों, निर्यातकों एवं MSME इकाइयों को मुंबई एवं अहमदाबाद जैसे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय, लॉजिस्टिक लागत एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

कमेटी ने यह भी बताया कि ई-कॉमर्स एवं डिजिटल व्यापार के विस्तार के कारण सूरत देश का एक प्रमुख सप्लाई एवं डिस्पैच हब बन चुका है। प्रतिदिन लाखों पार्सल Amazon, Flipkart, Myntra एवं Meesho जैसे प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देशभर में भेजे जाते हैं। साथ ही टेक्सटाइल, गारमेंट, डायमंड एवं औद्योगिक उत्पादों की भारी मात्रा सड़क, रेल एवं अन्य माध्यमों से देश-विदेश तक पहुंचाई जाती है।

इस अवसर पर CAIT टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा ने कहा कि सूरत में भारत का वास्तविक “ग्लोबल एक्सपोर्ट गेटवे” बनने की अपार क्षमता है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।