
सूरत, 25 मई। शहर के टेक्सटाइल मार्केटों में विद्युत सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा लगातार सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में फोस्टा द्वारा टोरेन्ट पॉवर के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करने के उपरांत लाइसेंस होल्डर एक्सट्रीसियन एसोसिएशन के साथ एक महत्वपूर्ण मीटिंग आयोजित की गई।
मीटिंग में मार्केटों में इलेक्ट्रिक संबंधी समस्याओं, विशेष रूप से लोड एक्सटेंशन हेतु वायरिंग, सम्पूर्ण मार्केट की नई वायरिंग की जांच, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तकनीकी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही प्रत्येक कनेक्शन के अनुसार आवश्यक कार्यों के लिए कोटेशन तैयार करने पर भी सहमति बनी।
मीटिंग के दौरान यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के अध्यक्षश्री एवं उनकी कमिटी के साथ चर्चा कर मार्केट-टू-मार्केट सर्वे किया जाएगा। इस सर्वे के अंतर्गत जिन मार्केटों में इलेक्ट्रिक संबंधी जोखिम अथवा समस्याएँ पाई जाएंगी, वहाँ टोरेन्ट पॉवर के अधिकृत व्यक्तियों द्वारा निरीक्षण एवं जांच की जाएगी, जिससे भविष्य में होने वाली विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सके और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
फोस्टा द्वारा मार्केटों में सुरक्षा एवं सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ए.सी. यूनिट्स के नियमित रखरखाव की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक मार्केट में A.M.C.(Annual Maintenance Charges) व्यवस्था को जिम्मेदारीपूर्वक लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वर्ष में कम से कम तीन बार ए.सी. यूनिट्स की सर्विसिंग सुनिश्चित हो सके एवं किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।














