
सूरत, 5 जून। कपडा बाजार की अग्रणी संस्था फोस्टा के चुनाव के लिये नामांकन पत्रो का वितरण गुरूवार को मिलेनियम मार्केट स्थित इसके कार्यालय मे शुरू हुआ। नामांकन पत्रो के वितरण का कार्य दोपहर 2 बजे से चुनाव अधिकारियों द्वारा किया गया।
इस दौरान फोस्टा चुनाव को लेकर व्यापारियों में उत्साह एवं जोश का माहौल देखने को मिला। चुनाव के प्रथम दिन तीनो केटेगरी में प्रत्याशियों द्वारा बड़ी संख्या में नामांकन पत्र प्राप्त किए गए। जिसमे प्लेटिनम केटेगरी से 14, डायमंड केटेगरी से 4 तथा गोल्ड केटेगरी से 9 नामांकन पत्र प्रत्याशियो द्वारा लिए गए। इच्छुक प्रत्याशी दिनांक 05 जून एवं 06 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक फोस्टा कार्यालय से मनोनयन पत्रक प्राप्त कर सकते हैं।
नामांकन पत्रो के वितरण के दौरान चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल उपस्थित रहे तथा उनकी देखरेख में संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न हुई। फोस्टा चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही अब चुनावी गतिविधियों ने गति पकड़ ली है और आगामी दिनों में चुनाव को लेकर व्यापारिक जगत में और अधिक सक्रियता देखने को मिलेगी।













