सूरत, 28 अक्टूबर। सूरत कपड़ा बाजार के विकास, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा उन्हें सरकारी नियमों एवं नीतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फोस्टा द्वारा समय-समय पर विभिन्न सेमिनार एवं संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाती रही हैं। इसी क्रम में, गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को शाम 4:00 बजे फोस्टा कार्यालय में सूरत सीजीएसटी कमिश्नर मनप्रीत अरोड़ा के नेतृत्व में GST जागरूकता मीटिंग आयोजित की जा रही है|
इस मीटिंग में 57वीं GST काउंसिल की मीटिंग के बाद हुए नवीनतम बदलावों, विशेष रूप से GST रिफंड से संबंधित प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं के बारे में व्यापारियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही, कपड़ा व्यापारियों को GST से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा करने का अवसर भी मिलेगा, ताकि संबंधित मुद्दों के समाधान की दिशा में सार्थक पहल की जा सके। फोस्टा की ओर से कपड़ा व्यापारियों एवं संबंधित सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे इस महत्वपूर्ण मीटिंग में उपस्थित होकर GST के नवीनतम बदलावों की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें।
फोस्टा का उद्देश्य व्यापारियों और सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, GST संबंधी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त करना तथा सूरत के कपड़ा व्यापार को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है।











