कपड़ा बाजार मे चल रही चुनावी बयार के बीच एसटीएम चुनाव की घोषणा, 20 सदस्यों के लिये 18 जुलाई को होगा मतदान

सूरत, 1 जून। सूरत कपडा बाजार में इन दिनों चुनावी बयार चल रही है। मार्केट मे एक ओर फोस्टा चुनाव की हलचल है तो दूसरी ओर सूरत टेक्सटाइल मार्केट (एसटीएम) चुनाव की आज विधिवत घोषणा की गई। एसटीएम चुनाव के लिये गठित तीन सदस्यीय चुनाव समिति मे आज चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। 

विस्तृत जानकारी के अनुसार एसटीएम को-आपरेटिव सोसाईटी लिमिटेड के 20 सदस्यों के चुनाव के लिये अशोक जैन, गुरूमुख कुंगवानी एवं महेन्द्र पाल खुराना को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक जैन ने जानकारी देते हुये कहा कि एसटीएम बोर्ड मे कुल 21 सदस्य है जिनमे से महानगर पालिका द्वारा एक मनोनीत सदस्य,2 महिला एवं एक एससी एसटी सीट होता है। वर्ष 2026 से वर्ष 2031 तक पांच साल के कार्यकाल के लिये 20 सदस्यों के चुनाव के लिये 18 जुलाई को सुबह दस बजे से सायं पांच बजे तक एसटीएम बोर्ड रूम मे मतदान होगा। चुनाव अधिकारी गुरूमुख कुंगवानी एवं महेन्द्र पाल खुराना ने बताया कि नामांकन पत्र का वितरण 29 एवं 30 जून को होगा जिसे भरकर जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई गुरूवार है उसके बाद नामांकन पत्र जमा नही होंगे। 

“नो ड्यूज” के मद्देनजर घट-बढ सकते है मतदाता

चुनाव समिति के अनुसार मार्केट मे लगभग 1275 मतदाता है लेकिन पारदर्शी चुनाव के लिये “नो ड्यूज”को भी नकारा नही जा सकता जिसकी वजह से मतदाता घट-बढ सकते है। 17 जून को फाईनल मतदाता सूची जारी की जायेगी उसके साथ ही आचार संहिता लागू हो जायेगी।