कपड़ा बाजार प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त,महापौर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन से की मुलाकात,समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन

0
4

सूरत, 12 सितंबर। सूरत कपड़ा बाजार (रिंग रोड) के प्रतिनिधिमंडल ने सूरत महानगरपालिका के कमिश्नर राजकुमार बेनीवाल, महापौर माया मवानी और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन राजन पटेल से एक औपचारिक मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने रिंग रोड कपड़ा मार्केट क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से सूरत महानगरपालिका प्रशासन को अवगत कराया और उनके निस्तारण की मांग की।

विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने सूरत महानगरपालिका प्रशासन के समक्ष मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण मुद्दे रखे जिसमे रिंग रोड स्थित दुकानों में पानी का कोई कमर्शियल/डायरेक्ट कनेक्शन न होने के बावजूद संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) के बिलों में वाटर टैक्स जोड़कर आ रहा है, जिसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।

रिंग रोड ब्रिज के नीचे SMC द्वारा दी गई पार्किंग क्षेत्र की सीमा तय करने के लिए कोई स्पष्ट मार्किंग (निशान) नहीं की गई है। साथ ही, किस दर से पार्किंग शुल्क लिया जाना चाहिए, इसकी कोई रेट लिस्ट या सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे अव्यवस्था बनी रहती है।

रिंग रोड की मुख्य सड़कें काफी खराब स्थिति में हैं, स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और क्षेत्र में हरियाली का सर्वथा अभाव है। सड़कों की तत्काल मरम्मत, लाइटों को चालू करने और ग्रीनरी विकसित करने की मांग की गई।

मनपा कमिश्नर, महापौर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को बेहद ध्यानपूर्वक समझा और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द सकारात्मक निवारण किया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से फोस्टा पूर्व अध्यक्ष व वाइस प्रेसिडेंट जेजेसी मार्केट मनोज अग्रवाल, अशोका टावर के सेक्रेटरी व फोस्टा पूर्व प्रवक्ता रंगनाथ सारड़ा, सूरत टेक्सटाइल मार्केट के सेक्रेटरी विकास जैन, दर्शन मार्केट के अध्यक्ष हरीश ललवानी, रतन मार्केट के अध्यक्ष आनंद वैष्णव तथा जे जे मार्केट कमिटी मेंबर उपेंद्र भाई मोदी उपस्थित रहे।

कपड़ा व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि सूरत महानगरपालिका प्रशासन के इस आश्वासन से रिंग रोड कपड़ा बाजार के हजारों व्यापारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को जल्द ही इन समस्याओं से राहत मिलेगी।