आयकर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन, लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता

0
3

सूरत, 19 नवंबर 2026। आयकर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संगठन Income Tax Employees Federation (ITEF) एवं Income Tax Gazetted Officers Association (ITGOA) की संयुक्त परिषद (JCA) के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को सूरत में आयकर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मुख्य आयकर आयुक्त कक्ष के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया।

यह धरना केंद्रीय JCA द्वारा घोषित राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण के अंतर्गत आयोजित किया गया। धरने के माध्यम से CBDT द्वारा लंबे समय से लंबित कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किए जाने के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय JCA ने राजस्व सचिव एवं CBDT अध्यक्ष के साथ कई दौर की वार्ताओं तथा पांच महीने से अधिक समय तक प्रतीक्षा के बावजूद महत्वपूर्ण मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण स्थगित आंदोलन को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर सूरत JCA के साथी नरेंद्रन सी ए, रविन्दर कुमार, सतीष सी वी, भरत बोरिचा, राकेश रंजन, रामनरेश कुमार, कुंदन कुमार, केदारकांत सहित अन्य सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन में सहभागिता करते हुए संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।

प्रदर्शन के दौरान कैडर रिव्यू एवं पुनर्गठन, लंबित पदोन्नतियों, भर्ती नियमों में संशोधन, इंटर चार्ज ट्रांसफर (ICT) नीति की बहाली, विभागीय लैपटॉप उपलब्ध कराने, गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के कार्य एवं दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण, अनावश्यक रिपोर्टिंग समाप्त करने तथा नियमित विभागीय कार्यों की आउटसोर्सिंग बंद करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

सूरत JCA ने स्पष्ट संदेश दिया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के जायज सेवा हितों, अधिकारों तथा कैरियर की संभावनाओं की अनदेखी अब स्वीकार्य नहीं है। जब तक लंबित मांगों पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संगठन केंद्रीय JCA के नेतृत्व में घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता एवं एकजुटता के साथ सफल बनाने के लिए तत्पर रहेगा।