सूरत, 30जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 से 15 अगस्त, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे “भारतीय व्यापार महोत्सव-2026” के लिए अपना शुभकामना संदेश प्रेषित करते हुए देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
CAIT (Confederation of All India Traders) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं टेक्सटाइल एवं गारमेंट समिति के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा ने बताया कि भारत सरकार के Indian Trade Promotion Organisation (ITPO) एवं CAIT के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव देश के व्यापारिक इतिहास का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजन बनने जा रहा है।
बोथरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में स्पष्ट कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में व्यापारियों, उद्यमियों एवं उद्योग जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापारिक समुदाय ने नए बाजारों का विकास, रोजगार सृजन तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में व्यापार और उद्यमशीलता की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि बीते वर्षों में पीएम गतिशक्ति, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति, कारोबारी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, डिजिटल तकनीकों के व्यापक उपयोग तथा व्यापार सुगमता से जुड़े सुधारों के कारण उद्योग एवं व्यापार के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। इससे लॉजिस्टिक्स लागत कम हुई है, परिवहन व्यवस्था अधिक कुशल बनी है तथा कारोबार को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) ने भारतीय व्यापार एवं निर्यात के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के माध्यम से भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजारों में नई पहचान बना रहे हैं। अब समय आ गया है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद गुणवत्ता, विश्वसनीयता, नवाचार, ब्रांडिंग एवं मूल्य संवर्धन के आधार पर विश्व बाजार में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करें।
चम्पालाल बोथरा ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे भारत के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करकमलों द्वारा महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। यह आयोजन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, CAIT की सलाहकार स्मृति ईरानी तथा सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में 1000 से अधिक स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, 2 लाख से अधिक व्यापारियों की संभावित भागीदारी, 10 लाख से अधिक आगंतुक, 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, 40 से अधिक हाई कमिश्नर, 20 से अधिक केंद्रीय मंत्री, 25 से 30 मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, 100 से अधिक महिला उद्यमियों के लिए विशेष डोम, 325 से अधिक निवेशकों की भागीदारी वाला स्टार्टअप सेमिनार, प्रतिदिन बिजनेस सेमिनार, B2B नेटवर्किंग, निर्यात एवं निवेश के अवसर तथा भारत के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों का विशेष फूड ज़ोन आकर्षण का केंद्र रहेगा।











