
सूरत, 19 मई। पिछले कुछ समय से विभिन्न मार्केटों में हुई आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए फोस्टा द्वारा टोरेंट पावर के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण मीटिंग का आयोजन किया। इन मीटिंग में विभिन्न तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
चर्चा के दौरान मुख्य रूप से यह सामने आया कि कई दुकानों में स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत लोड उपयोग किए जाने के कारण शॉर्ट सर्किट एवं आगजनी जैसी अप्रिय घटनाएं होने की संभावना बढ़ जाती है। इसी विषय को ध्यान में रखते हुए फोस्टा द्वारा टोरेंट पावर के लाइसेंस होल्डर इलेक्ट्रिशियनों के साथ एक विशेष मीटिंग भी आयोजित की गई जिसमें मार्केटों में विद्युत सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।
व्यापारियों को जागरूक करने एवं एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने हेतु फोस्टा द्वारा अपने कार्यालय का भी विद्युत लोड चेक कराया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर तत्काल लोड बढ़वाया गया, जो आज सफलतापूर्वक बढ़ चुका है। फोस्टा आगामी समय में सभी मार्केटों में इस जागरूकता अभियान को व्यापक रूप से चलाएगी, ताकि विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मार्केटों में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।














