गैस सिलेंडर की कालाबाजारी से उपभोक्ता परेशान

सूरत, 19 मार्च। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। कथित तौर पर सिलेंडरों की कमी के बीच कुछ डीलर्स भी आपदा मे अवसर तलाश रहे है। जरूरतमंद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि खुले बाजार में वही सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, कुछ एजेंसियों और डिलीवरी से जुड़े लोगों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार चल रहा है। घरेलू गैस सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग के लिए अधिक कीमत पर बेच दिया जाता है, जिससे आम उपभोक्ता वंचित रह जाते हैं। कई जगहों पर उपभोक्ताओं ने शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

जिला आपूर्ति विभाग कार्यालय से जुडे़ सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभाग द्वारा छापेमारी और निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है, ताकि कालाबाजारी पर लगाम लगाई जा सके।अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और कड़ी निगरानी से ही इस समस्या का समाधान संभव है। उपभोक्ताओं से भी अपील की जा रही है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।