सूरत, 12 अक्टूबर । सूरत के वेसु निवासी अमित तिवारी ने यूट्यूबर ध्रुव राठी की ऑस्ट्रिया स्थित कंपनी Polarstern Media GmbH को लेकर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT), वित्त मंत्रालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत का पंजीकरण नंबर CBODT/E/2026/0053126 है, जो वर्तमान में Pr. CCIT, Delhi के पास जांच प्रक्रिया में है।
शिकायतकर्ता अमित तिवारी ने ऑस्ट्रिया के Firmenbuch से प्राप्त कंपनी के 2022, 2023 और 2024 के सार्वजनिक बैलेंस शीट दस्तावेजों के आधार पर जांच की मांग की है। दस्तावेजों के अनुसार, वियना स्थित Polarstern Media GmbH (FN 572038h) में ध्रुव राठी 49.90% शेयरधारक और निदेशक हैं, जबकि उनकी पत्नी जूलिना लेबर के पास 50.10% हिस्सेदारी है।
शिकायत के अनुसार कंपनी की कुल संपत्ति 2022 में €7.71 लाख से बढ़कर 2024 में €30.57 लाख हो गई और बैंक कैश €27.06 लाख तक पहुंच गया। इसके बावजूद तीनों वर्षों में कंपनी में कर्मचारियों की संख्या शून्य दर्ज है। शिकायत में कंपनी द्वारा अपने ही निदेशक को लगातार तीन वर्षों तक ब्याज-मुक्त लोन दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया है।
अमित तिवारी ने अपनी शिकायत में पांच बिंदुओं पर जांच की मांग की है – टैक्स रेजिडेंसी और ITR के Schedule FA में विदेशी संपत्ति की घोषणा, कंपनी की शुरुआती पूंजी €35,000 का स्रोत और FEMA/LRS अनुपालन, भारत के दर्शकों से होने वाली आय पर भारत में कर भुगतान, निदेशक को दिया गया ब्याज-मुक्त लोन, और शून्य कर्मचारी मॉडल पर करोड़ों का कारोबार।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि उनका उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं है, बल्कि सार्वजनिक दस्तावेजों में दिख रहे तथ्यों की निष्पक्ष जांच करवाना है, ताकि भारतीय नागरिक द्वारा विदेशी कंपनी के माध्यम से अर्जित आय पर भारतीय कानूनों का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सरकार से इस मामले में सूचना देने वाले के रूप में Income Tax Informants Reward Scheme के तहत पुरस्कार दिए जाने का भी अनुरोध किया है।











