सूरत, 30 जुलाई। सूरत के कपड़ा उद्योग को कुशल और प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ़ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (FOSTTA) एवं द मैन-मेड टेक्सटाइल्स रिसर्च एसोसिएशन (MANTRA) संयुक्त रूप से ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) आधारित ट्रेनिगं कोर्स शुरू करेंगे। यह ट्रेनिंग कार्यक्रम MANTRA संस्थान में आयोजित किया जाएगा, जो मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-1 की गली में स्थित है।
इस संबंध में FOSTTA के पदाधिकारी अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया, डायरेक्टर महेंद्रसिंह भायल, डायरेक्टर शिवराज परिक एवं MANTRA के निदेशक डॉ. पंकज गांधी एवं उनकी टीम के साथ आवश्यक मीटिंग हुई। मीटिंग में यह निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों, Graduates तथा वर्तमान में मार्केट के युवाओं को उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाये।
इस कोर्स में मुख्य रूप से Weaving, गारमेंट निर्माण, टेक्सटाइल लैब टेस्टिंग तथा लूम डिफेक्ट (कपड़े की बुनाई में आने वाली त्रुटियों) की पहचान जैसे विषयों पर ट्रेनिंग दिया जाएगा।
FOSTTA के प्रयासों से ये सभी ट्रेनिंग Courses सूरत टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारियों के लिए अत्यंत न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इन कोर्सों की विशेषता यह होगी कि व्यापारी अपने नियमित व्यापार को प्रभावित किए बिना सुविधानुसार ट्रेनिंग प्राप्त कर सकेंगे और अपने व्यवसाय को नई तकनीक एवं बेहतर कार्यकुशलता के साथ आगे बढ़ा सकेंगे।
FOSTTA का लक्ष्य नई युवा पीढ़ी को आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं ट्रेनिंग देकर उन्हें उद्योग के लिए तैयार करना है, ताकि सूरत का टेक्सटाइल व्यापार केवल व्यापार तक सीमित न रहकर एक मजबूत और विश्वसनीय “ब्रांड” के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।
FOSTTA का मानना है कि यह सूरत के कपड़ा उद्योग के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगा। इससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, व्यापारियों को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन मिलेगा तथा उद्योग की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी वृद्धि होगी।











