स्वास्तिक मार्केट विवाद: बिल्डर्स ने निवेशकों से मांगा एक सप्ताह का समय

सूरत,19 मार्च। गोडादरा स्थित आधे-अधूरे स्वास्तिक मार्केट प्रोजेक्ट को लेकर बिल्डर्स और निवेशकों के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले सप्ताह वेसु स्थित सिद्धि विनायक मंदिर के पास नियन बैंक्वेट में हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच निवेश राशि लौटाने को लेकर सहमति बनी थी।

बैठक के दौरान बिल्डर्स और निवेशकों ने आपसी सहमति से अपने-अपने हिसाब प्रस्तुत किए। इस पर बिल्डर्स ने अपने-अपने हिस्से की राशि निवेशकों को लौटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बाद में पहुंचे कुछ निवेशकों के साथ हुई अलग बैठक में बिल्डर अभिषेक राठी और कनुभाई शाह ने भुगतान के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा, जिसे निवेशकों ने फिलहाल स्वीकार कर लिया।

निवेशक गौतम भाई ने बिल्डर अभिषेक राठी और कनुभाई शाह से टेलीफोनिक बातचीत में बताया कि बिल्डर्स ने सोमवार तक सभी निवेशकों का भुगतान करने का आश्वासन दिया है। इससे निवेशकों में अपनी राशि वापस मिलने की उम्मीद जगी है।यदि सोमवार तक भुगतान नहीं होता है, तो मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच एक और बैठक प्रस्तावित है। गौरतलब है कि स्वास्तिक मार्केट प्रोजेक्ट में सैकड़ों कपड़ा व्यापारियों ने करोड़ों रुपये का निवेश किया था, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से निवेशकों की रकम फंस गई। पिछले आठ वर्षों से प्रोजेक्ट अधूरा पड़ा है, जिससे निवेशकों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।

निवेशकों ने दी आर-पार की लडा़ई लड़ने की चेतावनी

निवेशक दामू भाई, भरत भाई, गणेश अग्रवाल, नरेश सोलंकी और नितिन भाई ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी बैठक में भुगतान नहीं किया गया तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। इसमें बिल्डर्स के घरों के बाहर धरना-प्रदर्शन, आंदोलन और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी शामिल होगी। निवेशकों का कहना है कि उन्होंने अपनी वर्षों की मेहनत की कमाई इस प्रोजेक्ट में लगाई थी, लेकिन अब उन्हें अपनी ही राशि या दुकान पाने के लिए भटकना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि दो साल पहले भी बिल्डर्स ने मीडिया के सामने विवाद के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वही स्थिति दोहराई जा रही है।निवेशकों ने साफ कहा है कि अब अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।