
सूरत, 4 जून। फोस्टा द्वारा पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत का बीते शुक्रवार को मिलेनियम मार्केट स्थित इसके कार्यालय मे सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया जिसमे भारी संख्या मे व्यापारी गण उपस्थित थे।
इस अवसर पर फोस्टा के पदाधिकारियों, डायरेक्टरगण एवं बड़ी संख्या में व्यापारिक बंधुओं ने आयुक्त गहलोत का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया तथा उनके सफल, प्रेरणादायी एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि अनुपमसिंह गहलोत ने अपने पूरे कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशील प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सूरत शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ व्यापारिक क्षेत्रों, विशेषकर कपड़ा बाजार की सुरक्षा एवं पुलिस-व्यापारी समन्वय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। व्यापारियों की समस्याओं को सदैव गंभीरता से सुनना और उनका त्वरित समाधान करना उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही, जिसे सूरत का व्यापारिक समाज सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा। पुलिस कमिश्नर के कार्यकाल में सूरत टेक्स्टाइल मार्केट की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुए। पहली बार टेक्स्टाइल मार्केट में PASA के अंतर्गत कई सारे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई। साइबर फ्रॉड के प्रति व्यापारियों में व्यापक जागरूकता बढ़ाई गई तथा ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई गई। इसके साथ ही, 5 से 25 वर्षों से फरार चल रहे कई अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया। उनके प्रभावी नेतृत्व ने व्यापारियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत किया।














