सूरत, 12 अक्टूबर। बीते शुक्रवार को भारत सरकार के केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन के कार्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सूरत के कपड़ा व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर कपड़ा उद्योग और व्यापार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में फोस्टा के पदाधिकारियों द्वारा माननीय मंत्री जी को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। फोस्टा के चेयरमेन कैलाश हाकीम ने उपस्थित व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों का मंत्री से परिचय कराया एवं व्यापार के कुछ मुद्दों पर मंत्री जी का ध्यानाकर्षित किया।
फोस्टा महामंत्री दिनेश कटारिया ने कपड़ा व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए ऐसे सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया, जिनसे व्यापारियों को राहत मिले और कपड़ा उद्योग को नई गति प्राप्त हो।
मीटिंग के दौरान गारमेंट पर ₹2,500 से अधिक मूल्य की वस्तुओं पर लागू 18% GST दर के विषय पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। फोस्टा द्वारा इस सीमा में उचित वृद्धि किए जाने का सुझाव माननीय मंत्री जी के समक्ष रखा गया। इस विषय को स्पष्ट रूप से समझाने के लिए मंत्री जी को संबंधित कपड़े एवं गारमेंट के नमूनों के माध्यम से जानकारी दी गई तथा इस संबंध में एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया। संगठन ने इस विषय पर सकारात्मक विचार-विमर्श कर व्यापारियों के हित में उचित निर्णय लेने का आग्रह किया।
फोस्टा द्वारा टेक्सटाइल म्युजियम एवं टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी से संबंधित विषयों पर भी केन्द्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया। संगठन ने सुझाव दिया कि कपड़ा उद्योग की आवश्यकताओं, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों पर उचित दिशा में कार्य किया जाना चाहिए, ताकि सूरत के वस्त्र उद्योग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिल सके।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में सूरत के कपड़ा व्यापारियों द्वारा प्रदर्शित स्नेह, सम्मान एवं आत्मीय स्वागत के लिए सभी व्यापारियों और फोस्टा के पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने फोस्टा द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न सुझावों एवं व्यापारिक मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इन सभी विषयों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर उचित परिणाम प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री ने फोस्टा के पदाधिकारियों एवं कपड़ा व्यापारियों को भविष्य में व्यापार के विस्तार, उद्योग के विकास तथा बदलते व्यापारिक परिदृश्य के अनुरूप नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने व्यापार के विकास हेतु निरंतर प्रयास करने और उद्योग की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार साझा किए।











