चर्चगेट में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

मुंबई, 29 अक्टूबर। पश्चिम रेलवे द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह – 2025 समारोह के एक भाग के रूप में 27 अक्टूबर को मुख्यालय चर्चगेट में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्यक्रम की शुरुआत पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता द्वारा 11:00 बजे जीएलओ लॉन में सत्यनिष्ठा शपथ दिलाने के साथ हुई, जिसमें सार्वजनिक सेवा में सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के प्रति रेल कर्मियों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई। 

इसके बाद रेलवे कर्मचारियों द्वारा एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें नैतिक आचरण के महत्व और भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। इसके बाद श्री विवेक कुमार गुप्ता ने “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जिसमें पश्चिम रेलवे सतर्कता संगठन द्वारा की गई विभिन्न पहलों और निवारक सतर्कता उपायों को प्रदर्शित किया गया है।

इसके बाद संवाद हॉल में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जहाँ पश्चिम रेलवे के सेवानिवृत्त प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री महेश चंद्र ने लोक प्रशासन में सतर्कता, नैतिकता और जवाबदेही विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान दिया। इस सत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय सतर्कता आयोग के सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के विषय के अनुरूप रेल कर्मचारियों के बीच ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के मूल्यों को सुदृढ़ करना था।