आर्थिक राजधानी मुंबई मे कोरोना पाजिटिव के 53 मरीज, प्रशासन सतर्क

मुंबई,21 मई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक बार फिर कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में करीब 53 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने कोरोना मरीजों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

नए दिशा-निर्देशों में बीएमसी ने जनता को सूचित किया है कि नगर निगम के अस्पतालों में कोविड-19 रोगियों के उपचार और मार्गदर्शन की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। मुंबई नगर निगम के अस्पतालों में मरीजों के लिए विशेष बिस्तर और विशेष कमरों की भी व्यवस्था की गई है।

कोरोना को लेकर बीएमसी कर्मचारियों को फिर से अलर्ट किया गया है बीएमसी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सिंगापुर, हांगकांग, पूर्वी एशिया और अन्य देशों में कोविड मामलों में बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। ग्रेटर मुंबई नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

बीएमसी अस्पताल में कोरोना मरीजो के लिये अलग बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में कोरोना मरीजों की समस्याओं के समाधान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। सेवन हिल्स अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए 20 बेड (एमआईसीयू), बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए 20 बेड और 60 सामान्य बेड हैं। इसके अलावा कस्तूरबा अस्पताल में 2 गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) बेड और 10 बेड का वार्ड है। यदि आवश्यक हो तो इस क्षमता को बढ़ाया जा सकता है।