वंदे भारत एक्सप्रेस देश भर में सबसे पसंदीदा ट्रेन के रूप में शीर्ष पर

पश्चिम रेलवे पर चलने वाली 4 वंदे भारत एक्सप्रेस को यात्रियों से मिला अच्‍छा प्रतिसाद

सूरत,31 अक्टूबर। भारतीय रेल ने देश के बहुमुखी विकास में बड़ा योगदान दिया है। आरामदायक और उन्नत रेल यात्रा अनुभव के एक नए युग की शुरुआत करते हुए नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें रेल परिवहन में उभरते भारत की शक्ति का नया चेहरा बन गई हैं। यह आधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन ‘आत्मनिर्भर भारत’ का एक उत्कृष्ट प्रतीक एवं उदाहरण है तथा बेहतर डिजाइन, इंटीरियर और गति के मानदंडों पर भारतीय रेल के लिए बड़े कदमों में से एक है, जो यात्रियों को एक सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करती है। इन ट्रेनों की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है तथा अधिक से अधिक यात्री इन ट्रेनों से यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। यह इस बात से स्पष्ट है कि ये ट्रेनें लगभग पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं।

वर्तमान में पश्चिम रेलवे पर चार वंदे भारत ट्रेनें अर्थात मुंबई-गांधीनगर केपिटल, अहमदाबाद-जामनगर, अहमदाबाद (साबरमती)-जोधपुर और इंदौर-भोपाल-नागपुर चल रही हैं। वंदे भारत ट्रेनों ने रेल यात्रा को एक नया आयाम प्रदान किया है और यात्रियों के बीच जल्द लोकप्रिय हो गई है। यात्रियों ने अन्य ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत ट्रेनों के आरामदायक यात्रा का स्तर, आलीशान आंतरिक सज्जा, परोसे जाने वाले विभिन्न प्रकार के स्वस्थ और स्वादिष्ट भोजन तथा कम यात्रा समय की सराहना की है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों की यात्रा को विमान से यात्रा के बराबर बताया है, जिसमें चेक-इन की कम परेशानी और अधिक किफायती मूल्य निर्धारण शामिल है।

पश्चिम रेलवे की मुंबई-गांधीनगर केपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस थी, जिसे 30 सितंबर, 2022 को शुरू किया गया था। यह राज्य की राजधानियों मुंबई और गुजरात को जोड़ती है तथा मार्ग में सात जिलों को कवर करते हुए बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद स्‍टेशनों पर रुकती है। 130% से अधिक की औसत ऑक्यूपेंसी के साथ यह ट्रेन यात्रियों के बीच शीघ्र लोकप्रिय हो गई है। इस ट्रेन की मांग सभी आयु वर्गों के बीच बहुत अधिक है, विशेषकर 31 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के यात्रियों की संख्या 33% से अधिक है, इसके बाद 46 से 60 वर्ष के आयु वर्ग के यात्री हैं, जिनकी संख्या 25% से अधिक है, जबकि 15 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के यात्रियों की संख्‍या लगभग 24% है। वरिष्ठ नागरिक लगभग 14% हैं। साथ ही, इस ट्रेन से यात्रा में आसानी के कारण महिला यात्री वंदे भारत ट्रेनों को सबसे अधिक प्राथमिकता दे रही हैं। इसी तरह, पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-जामनगर, अहमदाबाद(साबरमती)-जोधपुर और इंदौर-नागपुर वंदे भारत ट्रेनों को भी 25 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं, व्यापारिक यात्रियों, पर्यटकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। ये वंदे भारत ट्रेनें ट्रेन यात्रा के आनंद के साथ वायुयानों की तरह तेज, आरामदायक और स्टाइलिश यात्रा का अनूठा अनुभव प्रदान करती हैं, जिसके कारण इसकी ऑक्‍यूपेंसी बहुत अधिक है।