
सूरत, 6मई। बीते मंगलवार को प्रातः 11:00 बजे फोस्टा कार्यालय में मुंबई से मार्केट सिल्क मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा व्यापार लक्षी विकास हेतु एक शुभेच्छा मुलाकात की गई।
इस अवसर पर फोस्टा महामंत्री दिनेश कटारिया एवं मुंबई एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष हर्षदभाई शाह, सचिव आश्विन मलकन तथा कमिटी सदस्य अतुष मेहता उपस्थित रहे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य फोस्टा के साथ समन्वय स्थापित कर सूरत एवं मुंबई के कपड़ा व्यापार के विकास तथा व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु विचार-विमर्श करना रहा। बैठक में वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों, व्यापारियों के भुगतानों की सुरक्षा, तथा विभिन्न सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापार को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जीएसटी संबंधी मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हुई, जिसमें ₹2499/- से अधिक के गारमेंट पर लागू 18% जीएसटी की सीमा को बढ़ाकर ₹7500/- करने हेतु प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी, जिस संबंध में आवश्यक रजुआत की जाएगी। साथ ही मुंबई एवं अन्य शहरों के कपड़ा संगठनों के साथ मिलकर एक संयुक्त नेटवर्क/ग्रुप बनाने पर भी विचार किया गया, जिससे भविष्य में गलत मानसिकता एवं धोखाधड़ी के उद्देश्य से व्यापार करने वाले तत्वों पर नियंत्रण किया जा सके तथा व्यापारियों के भुगतान की सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।
इसी क्रम में फोस्टा द्वारा पूर्व में अहमदाबाद के मसकती कपड़ा क्लॉथ एसोसिएशन, मुंबई के हिंदुस्तान चेंबर तथा बेंगलुरु के बेंगलोर क्लॉथ एसोसिएशन और कलकत्ता की कपड़ा एसोसिएशन के साथ भी सार्थक चर्चा की जा चुकी है। फोस्टा देशभर के विभिन्न संगठनों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर कपड़ा व्यापार के समग्र विकास हेतु प्रतिबद्ध एवं अग्रसर है।














